इंदौर के होटल में महिला की संदिग्ध मौत: मुंह से निकला झाग, साथ में रुका कारोबारी लापता
इंदौर के होटल में महिला की संदिग्ध मौत: मुंह से निकला झाग, साथ में रुका कारोबारी लापता
भोपाल, यशभारत। इंदौर शहर के तिलक नगर स्थित एलएक्स होटल के एक कमरे में 32 वर्षीय सोनाली शर्मा नामक ब्यूटिशियन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। घटना के समय महिला के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया जहर खाने या दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुंदर नगर की रहने वाली सोनाली बुधवार सुबह एक पाइप व्यापारी दीपक खंडेलवाल के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने वहां एक कमरा किराए पर लिया। कुछ घंटों बाद, कारोबारी दीपक कमरे से बाहर निकला और होटल स्टाफ को जानकारी दी कि उसकी दोस्त की तबीयत खराब हो गई है तथा उसे अस्पताल ले जाना पड़ेगा। इसके बाद वह महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से कारोबारी मौके से गायब है।
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि सोनाली एक लोकल ब्यूटी पार्लर में काम करती थी, जहां उसकी पहचान दीपक से हुई थी। वह बुधवार को घर से पार्लर जाने का कहकर निकली थी। वहीं पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि मृतका पिछले करीब एक साल से अपने पति से अलग रह रही थी।
तिलक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर होटल के कमरे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार कारोबारी दीपक खंडेलवाल की तलाश में जुटी है ताकि घटना की सही परतें खुल सकें।







