बिना पंजीयन चल रहा न्यू संजीवनी अस्पताल बंद, स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई अशोका गार्डन क्षेत्र में सीएमएचओ टीम का औचक निरीक्षण, 10 बेड के साथ लेबर रूम, माइनर ओटी और आईसीयू मिला

बिना पंजीयन चल रहा न्यू संजीवनी अस्पताल बंद, स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई
अशोका गार्डन क्षेत्र में सीएमएचओ टीम का औचक निरीक्षण, 10 बेड के साथ लेबर रूम, माइनर ओटी और आईसीयू मिला
भोपाल, यश भारत। अशोका गार्डन क्षेत्र में बिना आवश्यक पंजीयन के संचालित न्यू संजीवनी अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बंद करा दिया। सीएमएचओ भोपाल डॉ. मनीष शर्मा के निर्देश पर टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अस्पताल के पास नर्सिंग होम संचालन के लिए आवश्यक पंजीयन नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय अस्पताल संचालक डॉ. पवन सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे और कोई पैरामेडिकल स्टाफ भी उपस्थित नहीं मिला। फोन पर संचालक ने टीम को बताया कि वे हमीदिया अस्पताल में ड्यूटी पर हैं। इसके बाद टीम ने उपलब्ध स्टाफ की मौजूदगी में अस्पताल के दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच कर पंचनामा तैयार किया। जांच के दौरान अस्पताल में 10 बेड लगे मिले। इसके अलावा लेबर रूम माइनर ओटी और आईसीयू की व्यवस्था भी पाई गई। अस्पताल में कार्डियक मॉनिटर विभिन्न प्रकार की दवाएं आईवी फ्लूड इंजेक्शन तथा माइनर ओटी में उपयोग होने वाले उपकरण भी मिले। सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की अनुमति के बिना अथवा निर्धारित अनुमति के विपरीत निजी स्वास्थ्य संस्थान का संचालन अवैधानिक है। मामले में मध्यप्रदेश उपचर्यागृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं (रजिस्ट्रीकरण एवं अनुज्ञापन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। बिना सक्षम अनुमति चिकित्सा व्यवसाय किए जाने के मामले में पुलिस नगर निगम औषधि प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण मंडल को भी सूचना दी जा रही है।







