चपरासी से बाबू बने कर्मचारी के पास करोड़ों की संपत्ति
क्षेत्रीय ग्रामीण विकास बैंक एवं पंचायती राज सिवनी में पदस्थ है कर्मचारी

जबलपुर, यश भारत। शनिवार तड़के लोकायुक्त पुलिस द्वारा एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिवनी के क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ बाबू सुभाष शर्मा के जबलपुर स्थित आवास सहित 5 ठिकानों पर छापे मारे। लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने तड़के एक साथ पांच ठिकानों पर दबिश देकर सभी को चौंका दिया। प्रारंभिक जांच में आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है।
लोकायुक्त के अनुसार आरोपी की कुल अर्जित आय की तुलना में व्यय और संपत्तियां 543.19 प्रतिशत अनुपातहीन पाई गई हैं।
सुबह से पहुंच गई टीम
बताया जा रहा है कि लोकायुक्त की टीम ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से रात करीब 3 बजे जबलपुर स्थित त्रिमूर्ति नगर (गोविंद स्वीट्स एंड बेकरी के सामने) स्थित सुभाष शर्मा के निवास पर दबिश दी। लोकायुक्त की कार्रवाई सुबह 5:30 बजे औपचारिक रूप से दर्ज की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र और संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया। जबलपुर और सिवनी समेत कुल 5 ठिकानों पर कार्रवाई एक साथ संचालित की गई।
आय से 543.19 प्रतिशत अधिक संपत्ति
लोकायुक्त पुलिस की जबलपुर सहित एक साथ पांच ठिकानों पर कार्रवाही
दो टीमों ने संभाली जिम्मेदारी
पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश और पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की।
टीम-1: उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति के नेतृत्व में निरीक्षक जितेंद्र यादव, राहुल गजभिये, शशिकला मस्कुले एवं अन्य सदस्य शामिल रहे।
टीम-2: उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी के नेतृत्व में निरीक्षक उमा कुष्ठवाह एवं अन्य सदस्य कार्रवाई में शामिल रहे।
चपरासी के पद पर हुई थी नियुक्ति
सूत्रों के मुताबिक सुभाष शर्मा की भर्ती मूल रूप से चपरासी (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) के पद पर हुई थी। वर्तमान में वह सिवनी के क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र में सहायक ग्रेड-2 यानी बाबू के पद पर कार्यरत है।
करोड़ों की संपत्तियां
लोहारी, पाटनः पत्नी शीला शर्मा के नाम विभिन्न कृषि भूमि, अनुमानित कीमत 1.11 करोड़ रुपये।
मुरगवां, पाटनः पत्नी के नाम भूमि, अनुमानित कीमत
25.91 लाख रुपये। गोहलपुर, आधारतालः कई प्लॉट, अनुमानित कीमत 47.48 लाख रुपये। करमेता, आधारतालः 4581 वर्गफुट भूमि, अनुमानित कीमत करीब 2.88 करोड़ रुपये।
अंबेडकर कॉलोनी, राजीव गांधी वार्डः पत्नी के नाम दो मंजिला पक्का मकान, कुल 4800 वर्गफुट निर्माण, अनुमानित कीमत 65 लाख रुपये।
पारस कॉलोनीः पत्नी के नाम दो मंजिला मकान, अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये। लोहारी, पाटनः करीब 3000 वर्गफुट में निर्मित फार्म हाउस, निर्माण की अनुमानित लागत 52 लाख रुपये।
लोकायुक्त के मुताबिक जांच में आरोपी सुभाष शर्मा की कुल आय की तुलना में संपत्ति और व्यय अनुपातहीन पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह अनुपात 543.19 प्रतिशत पाया गया है। घर, फार्म हाउस और अन्य ठिकानों से संपत्ति के दस्तावेज, बैंक खातों और अन्य निवेश से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई अभी जारी है और संपत्तियों का वास्तविक मूल्यांकन तथा अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।







