दोस्ती, दगा और लव ट्रायंगल: प्रेमिका के फेर में दोस्त बना कातिल, पहले पिलाई शराब फिर उतारा मौत के घाट

रीवा । चोरहटा थाना क्षेत्र के दुआरी गांव में 28 अगस्त को मिले मोहम्मद इसरार के शव के मामले में पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इसरार की हत्या उसके दोस्त आशीष कोल ने की थी।
दोनों एक ही लड़की से प्यार करते थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आशीष ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि पुलिस ने कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां जोड़ीं।
जांच में सामने आया कि हत्या से पहले आरोपी ने इसरार को शराब पिलाई थी। इसके बाद विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
मोहम्मद इसरार करीब 30 वर्ष का था और दुआरी पिपरहा गांव का रहने वाला था। वह 26 अगस्त से लापता था। 28 अगस्त को उसका शव दुआरी गांव में डैम/नहर के पास नाले में मिला था। उसके गले और शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिले थे।
शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।
पुलिस ने उस समय कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। इन्हीं साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी आशीष कोल तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, एक ही लड़की से प्रेम संबंध होने के कारण दोनों दोस्तों के बीच विवाद चल रहा था, जो आखिरकार हत्या की वजह बन गया।
पुलिस ने आरोपी आशीष कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और आरोपी की गिरफ्तारी की गई है।







