मध्य प्रदेशराज्य

सर्पों की दुनिया का ‘अमन’ हमेशा के लिए ख़ामोश: कोबरा के काटने से सर्पमित्र की दर्दनाक मौत

मंडला |जिले में सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू करने वाले सर्प मित्र अमन गोहिया का इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्हें सोमवार को बिछिया क्षेत्र के ग्राम डुंगरा में कोबरा सांप के रेस्क्यू के दौरान सांप ने डस लिया था। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

 

 

जानकारी के अनुसार, अमन गोहिया सोमवार को अपने एक साथी के साथ बिछिया से करीब छह किलोमीटर दूर ग्राम डुंगरा में कोबरा का रेस्क्यू करने पहुंचे थे। सांप को डिब्बे में सुरक्षित रखने के दौरान क्षतिग्रस्त डिब्बे से कोबरा बाहर निकल आया और अमन के बाएं पैर की उंगली के पास डस लिया। घटना के बाद साथी उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया गया। हालत बिगड़ने पर देर रात उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उपचार के दौरान अमन ने बताया था कि जिस डिब्बे में कोबरा को रखा जा रहा था, वह पहले से टूटा हुआ था। इसी कारण सांप बाहर निकल आया और उसने उनके पैर में काट लिया। शुरुआत में उन्हें केवल पैर में दर्द महसूस हो रहा था। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे ने बताया कि मरीज का इलाज एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मोहसिन की निगरानी में किया गया।

आवश्यक उपचार और जीवनरक्षक दवाएं देने के बावजूद उनकी हालत गंभीर बनी रही और उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन उन्हें ले जाया नहीं गया। जिला अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई। अमन गोहिया जिले में सक्रिय सर्प मित्र के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने कई जहरीले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ा था। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button