एलिवेटेड कॉरिडोर से झील में गिरी छात्रा : गोताखोरों ने निकाला सुरक्षित

सागर, यशभारत l शहर के एलिवेटेड कॉरिडोर पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कॉरिडोर से गुजर रही एक छात्रा अचानक अनियंत्रित होकर लाखा बंजारा झील में जा गिरी। घटना को देखते ही राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुँची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों और नाव की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि बचाई गई छात्रा मूल रूप से रायसेन जिले के बेगमगंज की रहने वाली है और वर्तमान में सागर में रहकर पढ़ाई कर रही है। छात्रा को पानी से निकालकर तुरंत चकराघाट लाया गया, जहाँ उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि कॉरिडोर से गुजरते समय उसे अचानक तेज चक्कर आ गया था, जिससे वह संतुलन खो बैठी और सीधे नीचे झील में जा गिरी।
इस हादसे के बाद एलिवेटेड कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई है। कॉरिडोर के कई हिस्सों में अभी तक सुरक्षा जालियाँ (Safety Nets) नहीं लगाई गई हैं। छात्रा जिस हिस्से से नीचे गिरी, वहाँ भी जाली नहीं लगी थी और वह हिस्सा पूरी तरह खुला हुआ था। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कॉरिडोर के सभी खुले और जोखिम भरे हिस्सों में जल्द से जल्द सुरक्षा जालियाँ लगाने की माँग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







