वंदे मातरम के सुर, ताल और थिरकते कदमों से गूंजा भोपाल, तीन विश्व रिकॉर्ड की तैयारी

वंदे मातरम के सुर, ताल और थिरकते कदमों से गूंजा भोपाल, तीन विश्व रिकॉर्ड की तैयारी
भोपाल, यश भारत । राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150वें वर्ष के अवसर पर एमपी नगर स्थित एक मॉल में देशभक्ति और भारतीय संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिल रहा है। विविधा कलायम सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में संगीत, सामूहिक गायन और कथक नृत्य के माध्यम से वंदे मातरम को केंद्र में रखकर तीन विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 40 से अधिक वाद्य यंत्रों की अनूठी प्रस्तुति से हुई। इंटरनेशनल म्यूजिशियन अभय तिवारी ने अलग-अलग वाद्य यंत्रों के जरिए वंदे मातरम की विशेष संगीतमय प्रस्तुति दी। एक ही प्रस्तुति में इतने वाद्य यंत्रों का प्रयोग कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बना। इसके बाद विविधा अकादमी के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। बच्चों और युवाओं की इस प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का तीसरा आकर्षण 150 से अधिक छात्राओं की सामूहिक कथक प्रस्तुति रही। छात्राओं ने लाइव म्यूजिक के साथ वंदे मातरम पर कथक प्रस्तुत कर शास्त्रीय नृत्य, भारतीय संगीत और राष्ट्रभावना का खूबसूरत मेल पेश किया।
आयोजकों का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य महज विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। संगीत और नृत्य के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने तथा उनमें राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक गौरव की भावना मजबूत करने का संदेश भी दिया जा रहा है।







