भुसावल जाने के लिए घर से निकले दम्पत्ति के साथ मारपीट, अज्ञात बदमाशों ने लाठियों से किया हमला, कैलवारा क्षेत्र में वारदात, हमलावरों की तलाश कर रही पुलिस

कटनी, यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैलवारा फाटक के पास शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे बाइक सवार एक बुजुर्ग दंपति पर दो अज्ञात युवकों ने लाठी डंडों से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। वारदात में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक छोटेलाल साहू (60 वर्ष) निवासी ग्राम कैलवारा खुर्द 29 अगस्त की रात करीब 10:20 बजे अपनी पत्नी कमला साहू को पेट दर्द के इलाज के लिए भुसावल ले जाने हेतु बाइक से कटनी रेलवे स्टेशन जा रहे थे,तभी भिलाई मोड़ के आगे कुशवाहा वर्कशॉप के सामने सूफी संत नगर मार्ग पर दो युवक डंडे लेकर खड़े थे। युवकों ने बाइक रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रोकने पर एक युवक ने डंडे से वार कर दिया, जिससे छोटेलाल साहू मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े। पीछे बैठी उनकी पत्नी भी गिरकर घायल हो गईं।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवकों ने अश्लील गालियां देते हुए पति-पत्नी के साथ डंडों से मारपीट की। हमले में छोटेलाल साहू के सिर तथा कमला साहू के सिर एवं बाएं हाथ में चोटें आईं। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पास में रहने वाले सुरेश कुशवाहा के घर पहुंचे और अपने पुत्र सतीष साहू को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को ऑटो से एमजीएम अस्पताल कटनी लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 126, 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।







