शहर में गांव से भी बत्तर हालात 20 दिन से खुली पड़ी नाली, पट्टियों के सहारे गुजर रहे लोग, पार्षद से लेकर नगर निगम तक बेखबर,,देंखे वीडियो
जबलपुर, यश भारत

शहर में गांव से भी बत्तर हालात 20 दिन से खुली पड़ी नाली, पट्टियों के सहारे गुजर रहे लोग, पार्षद से लेकर नगर निगम तक बेखबर,,देंखे वीडियो
जबलपुर, यश भारत। शहर को स्मार्ट बनाने के दावे करने वाला नगर निगम केसर विहार कॉलोनी, न्यू रामनगर (वार्ड क्रमांक 74, पनागर विधानसभा) की बदहाल तस्वीरों पर मानो आंखें मूंदे बैठा है। यहां करीब 15 से 20 दिन पहले नाली निर्माण के नाम पर सड़क खोद दी गई, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजा यह है कि पूरी कॉलोनी की जिंदगी एक गहरी खाई के किनारे आकर ठहर गई है।
बरसात के बीच खुली पड़ी नाली में पानी भर रहा है, चारों ओर कीचड़ और गंदगी फैली हुई है। आने-जाने के लिए लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लकड़ी और सीमेंट की पट्टियां रखी हैं। जरा सा संतुलन बिगड़ने पर कोई भी नाली में गिर सकता है। बच्चे कई बार चोटिल हो चुके हैं, जबकि बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने तक में डर रहे हैं।
स्थानीय निवासी प्रवीन कुमरे का कहना है कि 6 जुलाई से नाली खुदी हुई है, लेकिन आज तक निर्माण पूरा नहीं कराया गया। कॉलोनी के लगभग 20 से 22 परिवार रोज इस परेशानी को झेल रहे हैं। उनका आरोप है कि पार्षद को दर्जनों बार फोन लगाए, लेकिन फोन तक नहीं उठाया जाता।
वहीं शिवशंकर राव ने बताया कि बारिश में पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। गंदगी बढ़ती जा रही है और लोगों को मजबूरी में पट्टियों के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है। शिकायतों के बाद भी केवल आश्वासन मिला कि बारिश के बाद काम होगा, लेकिन मौके पर कोई देखने तक नहीं आया।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नगर निगम अध्यक्ष रिंकू तक भी शिकायत पहुंचाई गई, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि केवल तारीख पर तारीख दे रहे हैं, जबकि कॉलोनी के लोग हर दिन हादसे के डर में जीने को मजबूर हैं।






