यश भारत,,ब्रेकिंग,,जबलपुर में भ्रूण लिंग परीक्षण रैकेट पर बड़ी कार्रवाई, दो डायग्नोस्टिक सेंटर सील, FIR दर्ज… देंखे वीडियो
जबलपुर, यश भारत।

जबलपुर, यश भारत। शहर में अवैध रूप से संचालित भ्रूण लिंग परीक्षण के नेटवर्क के खिलाफ जबलपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस, प्रशासन और सीएमएचओ की टीम ने आर.के. अग्रवाल सेंटर तथा अधारताल स्थित उससे जुड़े दूसरे डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापेमारी कर दोनों केंद्रों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे प्रथम दृष्टया अवैध भ्रूण लिंग परीक्षण किए जाने की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों केंद्रों पर गर्भ में पल रहे शिशु का लिंग बताने के बदले ग्राहकों से हजारों रुपये वसूले जाते थे। यह कार्रवाई महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘गरिमा अभियान’ के तहत कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक सुनियोजित डिकॉय ऑपरेशन के जरिए की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिनों पहले सूचना मिली थी कि शहर के कई स्थानों पर अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद प्रशासन, पुलिस और सीएमएचओ की संयुक्त टीम ने आर.के. अग्रवाल सेंटर पर छापा मारा। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिले कि यहां ग्राहकों को गर्भ में पल रहे शिशु के लड़का या लड़की होने की जानकारी दी जाती थी।
साक्ष्यों के आधार पर आर.के. अग्रवाल सेंटर और अधारताल स्थित उससे जुड़े दूसरे केंद्र को तत्काल सील कर दिया गया है। मामले में संबंधित संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और जब्त दस्तावेजों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य डायग्नोस्टिक सेंटरों और संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि अन्य केंद्रों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी अवैध और दंडनीय गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।







