भोपाल

प्रेमी की पत्नी को रास्ते से हटाने रची थी हत्या की साजिश

प्रेमी की पत्नी को रास्ते से हटाने रची थी हत्या की साजिश
– पुराने आशिक के साथ मिलकर की हत्या, खंडहर में छिपाया शव
भोपाल, यश भारत । रातीबड़ थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा करते हुए मृतका के पति की प्रेमिका और उसके पुराने आशिक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेमिका को अपने प्रेमी की पत्नी का उसके साथ रहना पसंद नहीं था, जिसके चलते उसने पुराने आशिक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त को मोनू रैकवार ने पत्नी राखी रैकवार के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना दी थी। अपहरण की आशंका पर गुमइंसान दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान घर के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राखी के रूप में की। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का पाया गया।
जांच में सामने आया कि राखी के पति की प्रेमिका शशि रैकवार उसके साथ ही गांव में रहती थी। पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को मोनू के काम पर जाने के बाद शशि ने अपने पुराने आशिक नरेन्द्र को घर बुलाया। आरोप है कि शशि ने राखी का मुंह दबाया, जबकि नरेन्द्र ने दुपट्टे से उसका गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को पास के खंडहर में चादर से ढककर छिपा दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। शशि को उसके घर से और नरेन्द्र को इटारसी से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button