भोपाल

पचमढ़ी में 17 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म – दोस्त को जिप्सी से बांधकर बनाया बंधक

पचमढ़ी में 17 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म

– दोस्त को जिप्सी से बांधकर बनाया बंधक
नर्मदापुरम, यश भारत । मध्य प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक जिप्सी चालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों में स्थानीय जिप्सी चालक हरिओम तथा होटल में काम करने वाले पवन बंसल और अभिषेक वंशकार शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, छात्रा पचमढ़ी में पढ़ाई करती है। 19 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे उसका स्कूल फ्रेंड उससे मिलने पचमढ़ी पहुंचा था। बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात जिप्सी चालक हरिओम से हुई। उस समय उसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। तीनों छात्रा और उसके दोस्त को जिप्सी से घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए। आरोप है कि युवक दोनों को दक्षिण स्काउट गाइड के पास जंगल में ले गए। वहां उन्हें धमकाया गया। विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांधकर बंधक बना लिया गया और आरोपियों ने नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ गए। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button