जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

अवैध कैबिन और स्पा सेंटरों पर प्रशासन का शिकंजा, पुलिस-नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप….देखें वीडियों….

जबलपुर, यशभारत। शहर में रेस्टोरेंट, कैफे और स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए बुधवार को जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक छापेमारी कर नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर के कई कैफे और स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल ने किया। पुलिस टीम ने ओमती, मदन महल और गोहलपुर थाना क्षेत्रों में संचालित कई कैफे, रेस्टोरेंट और स्पा सेंटरों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में नियमों के विपरीत बनाए गए बंद कैबिन पाए गए, जिन्हें नगर निगम की टीम ने मौके पर ही हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ प्रतिष्ठानों को सील करने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ समय से इन प्रतिष्ठानों में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने और नियमों की अनदेखी किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद संयुक्त अभियान की योजना तैयार की गई और एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठानों के व्यापारिक लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, संचालन संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की गई। जिन संचालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले या जिन्होंने निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी भी कैफे, रेस्टोरेंट या स्पा सेंटर में कानून के विपरीत गतिविधियां संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) सहित अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button