पीएम आवास के पास पुलिस की रेड: हजारों की प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

रीवा । चिरहुला मंदिर के पीछे निर्माणाधीन पीएम आवास के समीप से बिछिया पुलिस ने 2 आरोपियों को नशीली कफ सिरप के साथ पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 105 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की है, जिसकी कीमत 21 हजार से ज्यादा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं मप्र ड्रग्स कंट्रोल एक्ट का अपराध कायम किया है।
थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक प्लास्टिक की बोरी मैं नशीली कफ सिरप लिए हैं और ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
यह जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के साथ ही रेड कार्रवाई की गई। मौके से पकड़े गए आरोपियों के पास से 105 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद होने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में अभिषेक विश्वकर्मा पिता हीरालाल विश्वकर्मा 24 वर्ष निवासी चिरहुला मंदिर के पीछे अयोध्या नगर थाना बिछिया एवं देवेश गौतम पिता शशिकान्त गौतम 20 वर्ष निवासी चिरहुला मंदिर के पीछे उत्तम नगर थाना बिछिया शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटाने का प्रयास किया है कि इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।







