गोविंदपुरा थाने में महिलाओं व किशोरी बालिकाओं क़ो दी कानूनी जानकारी

गोविंदपुरा थाने में महिलाओं व किशोरी बालिकाओं क़ो दी कानूनी जानकारी
भोपाल, यश भारत । महिलाओं और किशोरी बालिकाओं में सुरक्षा, अधिकारों और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गोविंदपुरा थाने में एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम निवसीड–बचपन संस्था और महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें अन्ना नगर सेक्टर और बाणगंगा परियोजना क्षेत्र की करीब 70 महिलाओं व किशोरी बालिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पुलिस थाने की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों, बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और आपातकालीन स्थिति में पुलिस से मदद लेने के तरीकों के बारे में समझाया। उन्होंने बताया कि थाने में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाता है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल मुकेश यादव और ऊर्जा डेस्क प्रभारी रश्मि पटेल ने प्रतिभागियों को थाने के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कराया। इस दौरान शिकायत कक्ष, रिकॉर्ड रूम, पूछताछ कक्ष और ऊर्जा डेस्क सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों के लिए थाने में विशेष डेस्क और सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जहां उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और समाधान किया जाता है।
एक्सपोज़र विजिट के दौरान महिलाओं और किशोरी बालिकाओं ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने सहज और स्पष्ट तरीके से जवाब दिया। इस संवाद से प्रतिभागियों को पुलिस व्यवस्था और कानूनी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी मिली।
कार्यक्रम में निवसीड–बचपन संस्था से निहारिका पंसोरिया और महिला बाल विकास विभाग से चंद्रावती अमरुते भी मौजूद रहीं।







