उतरप्रदेशदेश

एटा में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर खड़ी रोडवेज बस में ट्रक ने मारी टक्कर, 5 की मौत, 12 घायल

बस करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई

एटा, यशभारत। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब खराबी आने के कारण सड़क किनारे खड़ी यूपी रोडवेज की बस की मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस हाईवे किनारे खड़ी थी और उसके कुछ यात्री बस के अंदर बैठे हुए थे, जबकि कई यात्री बाहर टहल रहे थे। तभी तेज गति से आए कंटेनर ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे बाहर मौजूद कई यात्री भी उसकी चपेट में आ गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल करीब 20 लोगों में से चार को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल 12 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे रोककर मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button