मध्य प्रदेशराज्य

ढाबे में घुसकर मारपीट, नगदी व मोबाइल की लूट : आरोपी गिरफ्तार

 

सतना यश भारत । सिटी कोतवाली पुलिस ने ढाबे में घुसकर मारपीट करने और नगदी व मोबाइल लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार 28 जून को लोहरौरा निवासी एवं आशीर्वाद ढाबा में कार्यरत पुष्पराज दाहिया (30) ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि देर रात वह ढाबे पर मौजूद था, तभी यश सिंह, कार्तिक सिंह, अरविंद सिंह उर्फ छोटू, रिशू सिंह, आदित्य सिंह तथा उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद ढाबे में रखा मोबाइल फोन और करीब पांच हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी कार्तिक सिंह परिहार उर्फ जानू (20) निवासी लगरगवां, थाना उचेहरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button