भोपालमध्य प्रदेश

जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के सूने मकान में चोरी का प्रयास, पुलिस से हाथापाई कर भागे बदमाश

जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के सूने मकान में चोरी का प्रयास, पुलिस से हाथापाई कर भागे बदमाश

भोपाल,यशभारत। राजधानी के कटारा हिल्स इलाके में शनिवार देर रात बहुचर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में भोपाल सेंट्रल जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के सूने मकान को बदमाशों ने निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस टीम की सजगता से चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई। पुलिसकर्मियों को देखते ही बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और हाथापाई करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

सूने घर को देख बनाया था निशाना
सूत्रों के मुताबिक, ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले में रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनका बेटा समर्थ सिंह न्यायिक हिरासत में हैं, जिसके कारण उनका कटारा हिल्स स्थित निवास पूरी तरह सूना था। शनिवार देर रात शातिर चोर कटर और अन्य औजारों के साथ घर में दाखिल हो गए। बदमाश घर के भीतर से कीमती सामान समेटकर निकलने की फिराक में ही थे कि तभी वहां तैनात पुलिस टीम को घर के भीतर कुछ संदिग्ध हलचल की भनक लगी।

पुलिस से भिड़े बदमाश, सामान छोड़ भागे
पुलिसकर्मियों ने जैसे ही मुस्तैदी दिखाते हुए चोरों को दबोचने का प्रयास किया, बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। पुलिस और बदमाशों के बीच मौके पर तीखी हाथापाई हुई। पुलिस ने मुस्तैदी से उनका मुकाबला किया, जिसके चलते बदमाश घबरा गए और चोरी किया हुआ सारा कीमती सामान मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस टीम ने काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन रात के अंधेरे का लाभ उठाकर वे चकमा देने में कामयाब रहे। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

30 जून तक जेल में हैं मां-बेटे
गौरतलब है कि बहू ट्विशा शर्मा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह बीते 2 जून से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हैं। 16 जून को उनकी पहली न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त हो रही थी, लेकिन सीबीआई द्वारा एम्स की दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का हवाला दिए जाने के बाद कोर्ट ने उनकी हिरासत 30 जून तक के लिए बढ़ा दी थी। कल यानी 30 जून को इस हाई-प्रोफाइल मामले में दोबारा सुनवाई होनी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button