मध्य प्रदेशराज्य

दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में नहाने गया किशोर डूबा : एसडीईआरएफ की टीम कर रही है तलाश…

 

मंडला । माहिष्मती घाट स्थित एनीकट के पास नर्मदा नदी में नहाने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर डूब गया। घटना के बाद एसडीईआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

 

जानकारी के अनुसार, देवदरा निवासी क्षितिज परस्ते अपने दो दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में वह पानी में लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, एसडीओपी पीयूष मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। नदी में किशोर की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है। माहिष्मती घाट पर पिछले एक महीने में डूबने की यह चौथी घटना है।

 

31 मई को सिवनी जिले के एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई थी। वहीं 15 जून को सोमवती अमावस्या के दौरान तीन युवक नदी में डूबने लगे थे, जिनमें से दो को बचा लिया गया था, जबकि एक युवक की मौत हो गई थी। इसके अलावा 18 जून को बालाघाट जिले की एक महिला का शव छोटे रपटा पुल के पास नदी में मिला था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद घाटों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में नदी में तलाश अभियान जारी है और किशोर की खोज की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button