ट्रेन से 600 किमी दूर मथुरा पहुंचा भोपाल का छह वर्षीय अंश, सुरक्षित मिला

ट्रेन से 600 किमी दूर मथुरा पहुंचा भोपाल का छह वर्षीय अंश, सुरक्षित मिला
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा इलाके से चार दिन पहले लापता हुआ छह वर्षीय मासूम अंश पिता विजय उत्तर प्रदेश के मथुरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित मिल गया है। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। गुरुवार देर शाम मथुरा की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी से सूचना मिलने के बाद कोहेफिजा थाना पुलिस की एक विशेष टीम बच्चे को बीती रात वापस भोपाल ले आई है।
पुलिस के अनुसार, अंश 17 जून की रात करीब 12:48 बजे भोपाल स्टेशन से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि बच्चा घर से पैदल ही रॉयल मार्केट, सब्जी मंडी होते हुए मस्जिद तक पहुंचा, जहां उसने पानी पिया। एक फुटेज में वह रॉयल मार्केट में एक भिखारी की उंगली पकड़कर घूमता हुआ भी नजर आया था, जिससे पुलिस ने तत्काल संशय के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।
हालांकि, बाद में रेलवे स्टेशन के फुटेज खंगालने पर अंश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की खिड़की के पास बैठा हुआ दिखाई दिया। ट्रेन जब मथुरा स्टेशन पहुंची, तो वहां मुस्तैद राजकीय रेलवे पुलिस की नजर अकेले घूम रहे इस मासूम पर पड़ी। जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सीडब्ल्यूसी की कस्टडी में सौंप दिया। सीडब्ल्यूसी द्वारा भोपाल पुलिस से संपर्क साधे जाने के बाद अंश को वापस लाकर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।







