भोपालमध्य प्रदेश

डीएसपी पर चोरी की एफआईआर दर्ज कराने वाली महिला जालसाजी में गिरफ्तार, अटल आवास योजना के नाम पर की थी ठगी

डीएसपी पर चोरी की एफआईआर दर्ज कराने वाली महिला जालसाजी में गिरफ्तार, अटल आवास योजना के नाम पर की थी ठगी

​भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में अटल आवास योजना के नाम पर फ्लैट दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाली एक शातिर महिला को टीटी नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान प्रवीण तिवारी के रूप में हुई है, जिससे पुलिस फिलहाल हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
​खास बात यह है कि पकड़ी गई आरोपी महिला प्रवीण तिवारी ने अक्टूबर 2025 में महिला डीएसपी कल्पना रघुवंशी के खिलाफ जहांगीराबाद थाने में ₹2 लाख की चोरी की एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि, डीएसपी ने तब चोरी के इन आरोपों से साफ इनकार किया था और बाद में हाई कोर्ट ने उन्हें इस मामले में अग्रिम जमानत दे दी थी।
​पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कोटरा सुल्तानाबाद स्थित जीवन विहार अपार्टमेंट के निवासी 32 वर्षीय प्रतीक सोनी ने महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। प्रतीक,जो हेड ग्लव्स के व्यवसाय से जुड़े हैं, उन्होंने बताया कि करीब तीन साल पहले नगर निगम कार्यालय में उनकी मुलाकात प्रवीण तिवारी से हुई थी। इसके बाद मई महीने में महिला ने उनसे संपर्क किया और दावा किया कि अटल आवास योजना के तहत टीटी नगर क्षेत्र में फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। महिला ने प्रतीक को अटल बिहारी परिसर ले जाकर एक निर्माणाधीन भवन दिखाया और झांसा दिया कि परियोजना का एक हिस्सा निजी श्रेणी में उपलब्ध है। महिला ने फ्लैट की कुल कीमत ₹25 लाख रुपये बताकर जल्द ही रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया।
​महिला की बातों में आकर प्रतीक सोनी ने उसे ₹1.50 लाख नकद और ₹30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर कुल ₹1.80 लाख रुपये दे दिए। पैसे मिलने के बाद महिला ने जो रसीद दी, उस पर प्रतीक को संदेह हुआ। जब उन्होंने इसकी जांच कराई, तो रसीद और दस्तावेज पूरी तरह फर्जी पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि वह आवासीय परिसर पूरी तरह सरकारी संपत्ति है और उसका आवंटन केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही हो सकता है।
​पीड़ित की शिकायत और जांच के बाद टीटी नगर पुलिस ने आरोपी महिला प्रवीण तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि महिला ने इस तरह का झांसा देकर कई अन्य लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया होगा, जिसे लेकर उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button