
बाराबंकी,यशभारत। जिले के मसौली थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस गश्त को खुली चुनौती देते हुए शुक्रवार रात एक ही मार्केट की दो दुकानों में धावा बोल दिया। त्रिलोकपुर रानी बाजार रोड स्थित रामचंद्र यादव मार्केट में देर रात पहुंचे चोरों ने दुकानों के शटर के ताले तोड़ डाले और हजारों रुपये की नकदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो बिखरा सामान और टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने विनोद जन सेवा केंद्र और विश्वकर्मा वस्त्रालय को निशाना बनाया। विश्वकर्मा वस्त्रालय के संचालक पंकज ने बताया कि चोर गल्ले में रखी नकदी के साथ दुकान में रखी दो से तीन जोड़ी पैंट-शर्ट भी उठा ले गए। वहीं विनोद जन सेवा केंद्र से एक लैपटॉप और हजारों रुपये नकद चोरी कर लिए गए।
घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूचना मिलते ही त्रिलोकपुर चौकी प्रभारी संजय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है। एक ही रात में दो दुकानों का ताला टूटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अब देखना यह होगा कि सीसीटीवी में कैद हुए सुराग चोरों तक पुलिस को पहुंचा पाते हैं या नहीं।







