उतरप्रदेशदेश

नहाते समय किशोर डूबाः लखनऊ से मंदिर आया था, तलाश में जुटी NDRF की टीम; 20 स्थानीय गोताखोर जुटे

बाराबंकी की कल्याणी नदी में हुआ हादसा

बाराबंकी:- अयोध्या सीमा पर स्थित कल्याणी नदी में मंगलवार को नहाते समय एक करीब 13 वर्षीय किशोर डूब गया।यह घटना रामसनेहीघाट क्षेत्र में हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ का एक परिवार बाबा रामसनेहीदास मंदिर में पूजा-अर्चना करने रामसनेहीघाट आया था। परिवार के सदस्य मंदिर परिसर में पूजा-पाठ में व्यस्त थे, तभी परिवार के दो-तीन बच्चे पास बह रही कल्याणी नदी में नहाने चले गए।नहाते समय एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। साथ गए बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किशोर पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

कोतवाल दयाशंकर दुबे ने बताया कि स्थानीय स्तर पर करीब 20 गोताखोरों को नदी में उतारा गया है और लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के लिए एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है।करीब दो घंटे तक चले सघन सर्च अभियान के बावजूद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और किशोर की तलाश लगातार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button