समाधान योजना के अंतिम तीन दिन, बड़े बकायादारों पर बिजली विभाग की सख्ती तेज
जबलपुर, यश भारत

समाधान योजना के अंतिम तीन दिन, बड़े बकायादारों पर बिजली विभाग की सख्ती तेज
जबलपुर, यश भारत। बिजली बिल बकायादार उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लागू की गई समाधान योजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। शासन द्वारा नवंबर-2025 में शुरू की गई इस योजना के तहत तीन माह या उससे अधिक अवधि से बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज में भारी छूट दी जा रही है। वर्तमान में उपभोक्ताओं को सरचार्ज राशि में 70 से 90 प्रतिशत तक की छूट का लाभ मिल रहा है। योजना की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है।
बिजली विभाग के अनुसार जबलपुर शहर में इस योजना के अंतर्गत कुल 79 हजार 131 उपभोक्ता पात्र हैं, जिनमें से अब तक 50 हजार 143 उपभोक्ता योजना का लाभ ले चुके हैं। विभाग ने 44 करोड़ रुपये की कुल बकाया राशि में से लगभग 22 करोड़ रुपये की वसूली भी कर ली है, जो लक्ष्य का करीब 50 प्रतिशत है।
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि योजना के शेष तीन दिनों में अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ दिलाने के लिए अधिकारी और कर्मचारी लगातार घर-घर संपर्क कर रहे हैं। मंगलवार शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक शहर में विशेष अभियान चलाकर बड़े बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटे गए। विभाग ने साफ किया है कि समय सीमा के बाद बड़े बकायादारों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।







