आपसी विवाद में युवक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

आपसी विवाद में युवक पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोलामंदिर थाना इलाके के रासलाखेड़ी में रविवार रात हुए एक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक 20 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात रासलाखेड़ी क्षेत्र में अजय लोधी उम्र 20 साल का विवाद दीपक ठाकुर, सिद्धांत, पीयूष और उनके कुछ अन्य साथियों से हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अजय पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल अजय को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। सोमवार को इलाज के दौरान अजय की मृत्यु हो गई। छोलामंदिर थाना पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







