तमिलनाडु में बदला सियासी इतिहास, विजय बने नए मुख्यमंत्री
टीवीके सरकार का गठन, 9 मंत्रियों ने भी ली शपथ; राहुल गांधी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के अध्यक्ष एवं अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में करीब छह दशक से चली आ रही डीएमके और एआईएडीएमके की सत्ता अदला-बदली की परंपरा टूट गई। राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के साथ टीवीके के नौ नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
शपथ लेने वाले मंत्रियों में बुसी एन आनंद, आधव अर्जुना, केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, सीटीआर निर्मलकुमार, ए राजमोहन, टी.के. प्रभु और एस कीर्तना शामिल हैं।
टीवीके को कांग्रेस, वीसीके और आईयूएमएल का समर्थन मिला है। समर्थन के बाद विजय के पास 120 विधायकों का आंकड़ा पहुंच गया, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का बहुमत आवश्यक है। राज्यपाल ने नई सरकार को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के निर्देश दिए हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गाँधी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राजनीतिक हलकों में यह शपथ ग्रहण समारोह तमिलनाडु की राजनीति के नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।







