नाले में गिरने से हुई थी महिला की मौत , शिनाख्त में जुटी पुलिस

नाले में गिरने से हुई थी महिला की मौत , शिनाख्त में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हमीदिया रोड पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव समानांतर सड़क के पास स्थित एक नाले के भीतर पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्थानीय लोगों ने इस महिला को अक्सर इलाके में शराब के नशे में घूमते हुए देखा था। थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि महिला नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने के कारण नाले में गिर गई और चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतका के शरीर पर किसी भी तरह के संघर्ष या हमले के निशान नहीं मिले हैं, जिससे पुलिस इसे एक दुर्घटना मानकर चल रही है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और भोपाल सहित आसपास के थानों को महिला का हुलिया भेजकर उसकी शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं।






