रनवे पर तबाही: न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर विमान और फायर ट्रक की टक्कर
विमान में करीब 100 यात्री सवार थे

न्यूयॉर्क,एजेंसी। न्यूयॉर्क से एक बड़ी विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां ला गार्डिया हवाई अड्डे पर एक यात्री विमान हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के मुताबिक, एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान रनवे पर एक फायर ट्रक से टकरा गया, जिससे विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि विमान में करीब 100 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कॉकपिट और फ्रंट सेक्शन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत मास कैजुअल्टी घोषित करते हुए हवाई अड्डे को बंद कर दिया और सभी उड़ानों को JFK एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, फायर ट्रक में मौजूद 5 अग्निशमन कर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 70 से अधिक यात्री और क्रू मेंबर घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक है।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। इमरजेंसी टीमों ने तेजी से यात्रियों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। हादसे के वीडियो में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद एयर कनाडा ने बयान जारी कर कहा है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे रनवे पर समन्वय की बड़ी चूक माना जा रहा है।







