भोपालमध्य प्रदेश

बैतूल: कबाड़ी की दुकान में लगी विकराल आग, 20 दमकलें भी नहीं पा सकीं काबू

बैतूल: कबाड़ी की दुकान में लगी विकराल आग, 20 दमकलें भी नहीं पा सकीं काबू

बसंत पेट्रोल पंप के ठीक सामने मची अफरा-तफरी;

 जिले भर से बुलाई गईं गाड़ियां, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार

यश भारत बैतूल। जिला मुख्यालय के गंज क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बसंत पेट्रोल पंप के ठीक सामने स्थित रसीद कबाड़ी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह है कि घंटों की कड़ी मशक्कत और करीब 20 दमकल गाड़ियों द्वारा पानी बौछार करने के बावजूद स्थिति नियंत्रण से बाहर बनी हुई है। आग की विकरालता को देखते हुए प्रशासन ने जिले की सभी नगर पालिकाओं और तहसीलों से दमकल गाड़ियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं।

पेट्रोल पंप के पास होने से बढ़ा खतरा

आगजनी की यह घटना शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक में हुई है। घटनास्थल के बिल्कुल सामने पेट्रोल पंप होने के कारण प्रशासन और स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने एहतियातन पेट्रोल पंप की ओर जाने वाले रास्तों को सील कर दिया है और आसपास की दुकानों व रिहायशी मकानों को खाली करा लिया गया है।

प्लास्टिक और टायरों ने पकड़ी रफ्तार

कबाड़ की दुकान में भारी मात्रा में प्लास्टिक, टायर और अन्य ज्वलनशील पदार्थ जमा होने के कारण आग ने देखते ही देखते रौद्र रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची उठ रही हैं कि कई किलोमीटर दूर से काले धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लपटों की तपिश इतनी अधिक है कि दमकल कर्मियों के लिए भी करीब जाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।

प्रशासनिक अमला मौके पर मुस्तैद

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। दमकल कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कबाड़ के ढेर के नीचे सुलगती आग बार-बार भड़क रही है। फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन इस अग्निकांड में लाखों रुपये के माल के खाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button