UPSC 2025 रिजल्ट: MP के होनहारों का जलवा, टॉप-10 में भोपाल के ईशान और धार के प्रच्छल

UPSC 2025 रिजल्ट: MP के होनहारों का जलवा, टॉप-10 में भोपाल के ईशान और धार के प्रच्छल
चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के अनुज अग्निहोत्री ने किया देश टॉप, कुल 958 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
भोपाल, यशभारत। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष मध्य प्रदेश के अभ्यर्थियों ने सफलता के नए झंडे गाड़े हैं। टॉप-10 की सूची में प्रदेश के दो मेधावी छात्रों ने जगह बनाई है। भोपाल के ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया 5वीं रैंक हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है, वहीं धार जिले के प्रच्छल सेक्रेट्री ने 8वीं रैंक प्राप्त की है। इस साल राजस्थान के रावतभाटा (चित्तौड़गढ़) के अनुज अग्निहोत्री ऑल इंडिया टॉपर बने हैं।
खंडवा की रूपल ने लगाई लंबी छलांग
खंडवा की रूपल जायसवाल ने अपनी मेहनत के दम पर 43वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि रूपल का चयन पिछली बार भी हुआ था, लेकिन 512वीं रैंक मिलने के कारण उन्होंने जॉइन नहीं किया और अपनी तैयारी जारी रखी। उनकी यह जिद आज एक बड़ी कामयाबी के रूप में सामने आई है।
सेवारत अधिकारियों ने भी सुधारी रैंक
प्रदेश की अन्य बेटियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है:
देवांगी मीणा (गुना): कुंभराज की रहने वाली देवांगी ने 236वीं रैंक हासिल की है। वे वर्तमान में IRS अधिकारी हैं (2024 में 764वीं रैंक)। उनके पिता नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) में कार्यरत हैं।
पूजा सोनी (नरसिंहपुर): वर्तमान में नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा में SDM के पद पर पदस्थ पूजा सोनी ने 249वीं रैंक प्राप्त कर सफलता का दोहरा स्वाद चखा है।
भूमिका जैन (सतना): सतना के कपड़ा व्यवसायी मनोज जैन की सुपुत्री भूमिका ने 331वीं रैंक के साथ IRS ऑफिसर के रूप में अपनी जगह पक्की की है।






