भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में होली की धूम: नेहरू नगर पुलिस लाइन में 1000 जवानों ने मनाया रंगोत्सव

भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में होली की धूम: नेहरू नगर पुलिस लाइन में 1000 जवानों ने मनाया रंगोत्सव
भोपाल, यश भारत। राजधानी के नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में आज भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा वार्षिक होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस उत्सव में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर आरक्षक स्तर तक के लगभग 1000 पुलिसकर्मियों ने शिरकत की और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
समारोह में एडिशनल कमिश्नर अवधेश गोस्वामी और मोनिका शुक्ला, डिप्टी कमिश्नर श्रद्धा तिवारी और मयूर खंडेलवाल, कमिश्नर अखिल पटेल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने न केवल एक-दूसरे को गुलाल लगाया, बल्कि सिलेंडर से गुलाल उड़ाकर और पुष्प वर्षा कर जवानों का उत्साहवर्धन भी किया।
वाटर कैनन की बौछार और डीजे की धुन
ड्यूटी के तनाव से दूर पुलिसकर्मी आज पूरी तरह मस्ती के मूड में नजर आए। डीजे पर बज रहे होली और फिल्मी गानों पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों ने जमकर नृत्य किया। गर्मी के बीच वाटर कैनन से हो रही पानी की बौछारों ने समारोह के आनंद को दोगुना कर दिया।
पुलिस परिवार के लिए विशेष व्यवस्था
पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों के लिए पुलिस पब्लिक स्कूल में अलग से मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। यहाँ लगभग 500 से अधिक महिलाओं और बच्चियों ने संगीत की धुन पर थिरकते हुए सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाई।







