देश

जम्मू में जेल ब्रेक: दो पाकिस्तानी समेत 3 कैदी पुलिस पर फायरिंग कर फरार

CCTV फुटेज में कैद वारदात

जम्मू। जम्मू और कश्मीर के जम्मू जिले में स्थित आर.एस. पुरा ऑब्जर्वेशन होम से तीन कैदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फरार कैदियों में दो पाकिस्तानी नागरिक और एक स्थानीय युवक शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद बॉर्डर से सटे इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

ड्यूटी पर तैनात जवानों पर हमला

पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:15 बजे तीनों कैदियों ने ड्यूटी पर मौजूद दो पुलिसकर्मियों पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के सिर पर पिस्टल की बट से वार किया और फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। घायल जवानों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी अस्पताल रेफर किया गया।

CCTV फुटेज में कैद वारदात

घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें एक आरोपी हाथ में पिस्टल लहराते और उसे लोड करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में फायरिंग की भी पुष्टि होती है। इससे यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि कड़ी सुरक्षा वाले ऑब्जर्वेशन होम के भीतर कैदियों तक हथियार कैसे पहुंचा।

हाई अलर्ट और सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है। विशेष टीमें फरार कैदियों की तलाश में जुटी हैं। सीमा से लगे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि आरोपी सीमा पार न कर सकें।

पुलिस ने सुरक्षा चूक के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही या मिलीभगत पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button