जन्मदिन पर रक्तदान कर डॉ. शब्बीर हुसैन ने दिया समाज को प्रेरक संदेश
रक्तदान एक अत्यंत नेक और मानवीय कार्य

जबलपुर, यशभारत। रविवार को बंसल ब्लड बैंक में डॉ. शब्बीर हुसैन ने अपना जन्मदिन रक्तदान कर मनाया। इस अवसर पर अस्पताल स्टाफ का भी सहयोग रहा।डॉ. शब्बीर हुसैन पिछले सात वर्षों से नियमित रूप से रक्तदान करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि जन्मदिन जैसे खुशी के अवसर पर यदि लोग रक्तदान करें तो यह दिन और अधिक सार्थक बन सकता है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य खास मौकों पर रक्तदान करने की परंपरा विकसित करें, ताकि ब्लड बैंकों में रक्त की कमी न रहे।

इस दौरान बंसल ब्लड बैंक की डॉ. हरजीत कौर बंसल ने कहा कि रक्तदान एक अत्यंत नेक और मानवीय कार्य है। उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान से न केवल मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध होता है, बल्कि रक्तदाता का स्वास्थ्य भी सामान्य रूप से प्रभावित नहीं होता, क्योंकि शरीर कुछ ही समय में रक्त की कमी पूरी कर लेता है। उन्होंने समाज के युवाओं और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें और अधिक से अधिक संख्या में आगे आएं। उनके अनुसार, यदि लोग अपने खुशी के दिनों को रक्तदान से जोड़ें, तो यह परंपरा समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है और अनेक जरूरतमंदों को नया जीवन मिल सकता है।






