मैनिट में पुलिस की पाठशाला: पुलिस कमिश्नर बोले- तकनीक के दौर में साइबर क्राइम बड़ी चुनौती, विद्यार्थी रहें सतर्क

मैनिट में पुलिस की पाठशाला: पुलिस कमिश्नर बोले- तकनीक के दौर में साइबर क्राइम बड़ी चुनौती, विद्यार्थी रहें सतर्क।
भोपाल, यश भारत। राजधानी के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) में मंगलवार को सेफर इंटरनेट-डे के अवसर पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने मैनिट के भविष्य के इंजीनियरों को साइबर ठगी से बचने के नुस्खे और यातायात नियमों की बारीकियां समझाईं।
अनुशासन से ही लक्ष्य प्राप्ति संभव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी विकास के साथ साइबर अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, जो पुलिस के लिए आने वाले समय में एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे तकनीक का उपयोग सावधानी से करें और जीवन के हर क्षेत्र में अनुशासित रहकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें।
ट्रैफिक नियमों की दी जानकारी
विशेष अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने शहर की यातायात व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे छोटे नियम कैसे जान बचा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को ITMS और ई-चालान तकनीक के बारे में भी अपडेट किया।
संचार साथी ऐप का करें प्रयोग
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) शैलेन्द्र सिंह चौहान ने साइबर अपराध के बदलते ट्रेंड्स पर प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने IT एक्ट, RBI गाइडलाइंस और मोबाइल सुरक्षा के लिए ‘संचार साथी’ ऐप के महत्व को समझाया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त अखिल पटेल ने छात्रों के विभिन्न शंकाओं और सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासा शांत की।
संस्थान की सजगता
मैनिट के डायरेक्टर प्रो. डॉ. के. के. शुक्ला ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्र न केवल जागरूक होते हैं, बल्कि समाज में एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका भी निभाते हैं। कार्यक्रम में संस्थान के स्टाफ सहित करीब 350 विद्यार्थी
मौजूद रहे।







