एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिला शव

एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिला शव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के प्रतिष्ठित गांधी मेडिकल कॉलेज की एक प्रथम वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोहेफिजा स्थित एक निजी हॉस्टल के बाथरूम में छात्रा का शव बरामद हुआ, जिसके पास एसिड की बोतल पड़ी मिली। शुरुआती जांच में मामला पढ़ाई के तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है।
सहपाठियों ने तोड़ा दरवाजा, तब खुला राज
आलीराजपुर की रहने वाली छात्रा पिछले साल अक्टूबर में ही एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए भोपाल आई थी। मंगलवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली और फोन का जवाब नहीं दिया, तो सहेलियों ने हॉस्टल गार्ड को सूचित किया। गार्ड ने जब बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख सबकी रूह कांप गई। रोशनी बेसुध पड़ी थी और पास ही एसिड की खाली बोतल मौजूद थी। उसे तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कॉलेज की डीन कविता एन. सिंह के मुताबिक, रोशनी के मोबाइल से मिले हालिया संदेशों ने आत्महत्या की ओर इशारा किया है। संदेशों से पता चलता है कि वह अपनी पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर थी, लेकिन विषयों को समझने में उसे कठिनाई हो रही थी। डीन ने बताया कि रोशनी पढ़ाई को लेकर गहरे तनाव में थी, जिसके बारे में उसने अपने परिजनों को भी संकेत दिए थे।
साथी छात्रों ने बताया कि रोशनी शांत स्वभाव की और होनहार थी। वह पिछले सप्ताह ही अपने गृह जिले आलीराजपुर से छुट्टियां बिताकर भोपाल लौटी थी। किसी ने सोचा भी नहीं था कि पढ़ाई का बोझ एक उभरते हुए डॉक्टर के जीवन पर इस कदर भारी पड़ जाएगा।
कोहेफिजा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल के विस्तृत विश्लेषण के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल परिजनों के भोपाल पहुँचने का इंतजार किया जा रहा है।







