
मानखुर्द का तड़ीपार डॉन गिरफ्तार, तलवार से नाबालिग पर जानलेवा हमला
मुंबई, यश भारत मानखुर्द क्षेत्र में एक हजार रुपये की मामूली रकम के लिए 17 वर्षीय नाबालिग युवक पर तलवार से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में मानखुर्द पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित अनिल हडाले उर्फ डॉन और समद उर्फ मोहम्मद शैद निजामुद्दीन शेख को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मधु घोरपड़े ने दी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मानखुर्द स्थित पीएमजीपी कॉलोनी की जनकल्याण सोसायटी के सामने घटी। नवी मुंबई निवासी अनिकेत विजेंद्र गुदेरिया (17), जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहा है, अपने दोस्तों से मिलने मानखुर्द आया था। इसी दौरान उसका परिचित समद वहां पहुंचा और उससे पैसों की मांग करने लगा। अनिकेत द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
कुछ देर बाद समद अपने साथी रोहित के साथ वापस लौटा और दोनों ने अनिकेत पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अनिकेत के सिर, कंधे और बाएं हाथ पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसके पास मौजूद एक हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनिकेत को एलटीएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहित हडाले एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ दो वर्षों के लिए मुंबई और ठाणे शहर से तड़ीपारी की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।







