जबलपुरमध्य प्रदेश

मालगाड़ी ओवरशूट से रेलवे में मचा हड़कंप,एलपी-एएलपी सस्पेंड

जिम्मेदार अधिकारी पर भी कार्रवाई

जबलपुर यशभारत। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर रेल मंडल में मालगाड़ी के ओवरशूट होने की घटना ने रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को रेलवे ने बेहद संवेदनशील मानते हुए कड़ा रुख अपनाया है। प्रारंभिक जांच के बाद मालगाड़ी के लोको पायलट (एलपी) और सहायक लोको पायलट (एएलपी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से पूरे मंडल में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

इस संबंध में रेलवे सूत्रों के मुताबिक चार दिन पूर्व जबलपुर की ओर से इटारसी की ओर एक मालगाड़ी लेकर जा रहे एलपी व एएलपी गुर्रा स्टेशन में मालगाड़ी निर्धारित स्थान पर रुकने के बजाय आगे निकल गई जिसे रेलवे की भाषा में ओवरशूट कहा जाता है। हालांकि इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन इसे बड़ी तकनीकी और मानवीय चूक माना जा रहा है। यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा भी हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए। प्रारंभिक रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि ट्रेन संचालन के दौरान गति नियंत्रण और सिग्नल पालन में गंभीर लापरवाही हुई। इसी आधार पर एलपी और एएलपी को निलंबित करते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यात्रियों, रेल कर्मचारियों और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोपरि है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए संबंधित सेक्शन में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

इस कार्रवाई के बाद जबलपुर रेल मंडल के रेलकर्मियों में खलबली मची हुई है। सूत्रों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों पर और भी कड़ी कार्रवाई संभव है। रेलवे की इस सख्ती को अनुशासन और सुरक्षा के प्रति कड़ा संदेश माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button