जबलपुर चाकूबाजी: कार पार्किंग के मामूली विवाद में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला

विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई चौक पर कार पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। यहाँ ‘बगिस बर्गर’ की दुकान के सामने खड़ी एक कार को हटाने की बात पर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने आदित्य कुर्मी नामक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने आदित्य पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक को लहूलुहान हालत में तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस सनसनीखेज घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी अनुराग सिंह राजपूत ने बताया कि हमलावर युवक और आदित्य के बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं थी और न ही वे एक-दूसरे को जानते थे। विवाद सिर्फ दुकान के सामने खड़ी कार को अलग करने की बात को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते जानलेवा हमले में बदल गया। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।







