मध्य प्रदेशराज्य

हत्या के प्रयास मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार : तलवार व स्कूटी जब्त

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में करीब एक माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को रात्रि के समय गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार एवं स्कूटी वाहन भी जब्त किया है।

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों, गुंडागर्दी एवं शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रद्धा सोनकर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 14 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 10:30 बजे थाना डूंडा सिवनी अंतर्गत बारापत्थर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवराज उर्फ बहादुर टेकाम एवं उसके साथी साहिल खरे और शिवा दुबे ने एक राय होकर आर्यन धुर्वे एवं उसके दोस्त अमन घरते पर जान से मारने की नीयत से तलवार से प्राणघातक हमला किया था। इस हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई थीं तथा आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस घटना पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी युवराज उर्फ बहादुर टेकाम को 6 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद से फरार चल रहे अन्य दो आरोपी साहिल खरे एवं शिवा दुबे की लगातार तलाश की जा रही थी, जिन्हें रात्रि के समय गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी साहिल खरे के विरुद्ध थाना कोतवाली सिवनी में मारपीट के दो तथा जुआ एक्ट के अंतर्गत एक प्रकरण दर्ज है। वहीं आरोपी शिवा दुबे के विरुद्ध थाना डूंडा सिवनी में मारपीट के सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक जयदीप सेंगर, प्रधान आरक्षक मुकेश गोंडाने, आरक्षक सतीश इनवाती, विनय सेंगर, पंकज सोलंकी, महेन्द्र पटेल, अजय युवनाती एवं इरफान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button