भोपालमध्य प्रदेश

वन मेले में पुलिस SI से 3 लाख की साइबर ठगी, मदद के बहाने जालसाजों ने उड़ाए पैसे

Table of Contents

वन मेले में पुलिस SI से 3 लाख की साइबर ठगी, मदद के बहाने जालसाजों ने उड़ाए पैसे

जहांगीराबाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला, एक संदेही हिरासत में

भोपाल, यशभारत। राजधानी के सुरक्षित माने जाने वाले लाल परेड मैदान में आयोजित वन मेले में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर जालसाजों का शिकार हो गए। ठगों ने ट्रांजेक्शन फेल होने पर मदद करने के बहाने SI का मोबाइल फोन लिया और कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खाते से 3 लाख 2 हजार 422 रुपये पार कर दिए। जहांगीराबाद पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?
जेल रोड निवासी 61 वर्षीय जुल्फिकार अली खान, जो वर्तमान में पीएचक्यू में सब इंस्पेक्टर हैं, 23 दिसंबर को वन मेले में दवाइयां खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने एक दुकान से करीब 1500 रुपये की दवाइयां लीं। भुगतान के लिए जब उन्होंने फोन-पे का इस्तेमाल किया, तो तकनीकी कारणों से ट्रांजेक्शन फेल हो गया।

तभी दुकान पर मौजूद एक कर्मचारी ने मदद की पेशकश करते हुए उनका मोबाइल मांग लिया। कर्मचारी ने फोन अपने एक साथी को थमा दिया, जिसने मोबाइल में कुछ छेड़छाड़ की। जब SI खान ने इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपी ने ‘पेमेंट चेक करने’ की बात कहकर उन्हें शांत कर दिया। थोड़ी देर बाद मोबाइल वापस कर दिया गया और दुकानदार ने दवाइयों की कीमत अचानक बढ़ाकर 10 हजार रुपये बता दी, जिसके बाद पीड़ित ने दवाइयां लेने से इनकार कर दिया।

खाते से कटने लगे पैसे, आए अनजान कॉल
जैसे ही जुल्फिकार अली खान दुकान से आगे बढ़े, उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। देखते ही देखते किस्तों में कुल 3.02 लाख रुपये खाते से निकल गए। इस दौरान उन्हें डराने या भ्रमित करने के लिए अनजान नंबरों से कॉल भी आए, जिसमें कॉलर अलग भाषा में बात कर रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित की शिकायत पर जहांगीराबाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को अंदेशा है कि मोबाइल हाथ में लेने के दौरान आरोपियों ने कोई रिमोट एक्सेस ऐप या यूपीआई पिन की जानकारी चोरी की है।

इनका कहना है…
हमने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
थाना प्रभारी, जहांगीराबाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button