रात 12 बजे के बाद हो रही किसानों की स्लॉट बुकिंग, नींद खराब कर करना पड़ रही मशक्कत, धान के उपार्जन की लिमिट भी तय, बड़े किसानों को हो रही परेशानी

कटनी, यशभारत। समर्थन मूल्य पर धान के उपार्जन के साथ ही किसानों की परेशानयिां भी बढ़ गईं है। किसानों को सबसे बड़ी समस्या अपनी उपज को बेचने के लिए स्लॉट की बुकिंग कराने को लेकर हो रही है। किसानों का कहना है कि मोबाइल से स्लॉट बुक करने के लिए रात 12 बजे के बाद का समय दिया जा रहा है। अब परेशानी इस बात की है कि जिस समय किसान का सोने का समय होता है, उस समय स्लॉट को बुक करने के लिए उसे अपनी नींद को खराब करना पड़ रहा है, जिसको लेकर किसानों में रोष देखा जा रहा है। इसके अलावा एक परेशानी ओर है, जिससे किसान नाराज है। स्लॉट को बुक करते समय धान के उपार्जन की सीमा भी तय कर दी गई है। यदि किसाान के पास इस सीमा से ज्यादा धान है, तो वह स्लॉट बुक नहीें कर सकता। बताया जाता है कि स्लॉट को बुक करते समय 100 बोरी की लिमिट तय कर दी गई है, जिससे किसानों में नाराजगी देखी जा रही है। जिले में बड़ी तादात में ऐसे भी किसान हैं, जिनके पास कई एकड़ जमीन है और उसमे धान का उत्पादन भी अधिक होता है। ऐसी स्थिति में ऐसे किसान न तो स्लॉट बुक करा पा रहे हैं और न ही अपनी उपज को बेच पा रहे। इसके अलावा कई केन्द्रों में तौल की भी समस्या हो रही है। कुछ केन्द्र ऐसे हैं, जहां खुले आसमान के नीचे धान का उपार्जन हो रहा है। परिवहन की धीमी रफ्तार होने के कारण केन्द्रों में धान रखने के लिए जगह ही नहीं बची है। ऐसे में किसान अपनी उपज लेकर केन्द्र के बाहर खड़ा है, लेकिन खरीदी नहीं होने की वजह से उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों को किया जा रहा परेशान : गुड्डू
किसान नेता राकेश द्विवेदी गुड्डू ने कहा कि सरकार और प्रशासन को किसानों की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। उपार्जन के पहले कई तरह की बातें की जाती है लेकिन जब उपार्जन का समय आता है तो नियमों-निर्देशों की आड़ में किसानों को परेशान किया जा रहा है। स्लॉट बुक करने का समय गलत है। इसे बदलना चाहिए। अन्यथा कांग्रेस पार्टी किसानों को साथ लेकर आंदोलन के लिए मजबूर होगी।






