सागर के बच्चो ने स्मार्ट इंडिया हैकाथोन में लहराया परचम : दर्ज की जीत, शहर और कॉलेज का नाम किया रोशन

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ बाबूलाल ताराबाई इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी (BTIRT) के छात्रों ने स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (SIH) 2025 के ग्रैंड फिनाले में स्थान हासिल कर सागर शहर और कॉलेज का नाम रोशन किया है।
गौर करने वाली बात यह है कि हार्डवेयर श्रेणी (Hardware Edition) में सागर शहर से नेशनल फिनाले में पहुंचने वाली यह इकलौती टीम थी। लेकिन हार्डवेयर निर्माण की चुनौती को BTIRT की टीम ने स्वीकार किया और ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में आयोजित फिनाले में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
टीम का यह सफर प्रेरणादायक रहा। कॉलेज स्तर के इंटरनल हैकथॉन में यह टीम तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अपनी मेहनत और सुधार के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्थान हासिल किया।
दिव्यांग बच्चों के लिए बनाया खास खिलौना
‘टीम न्यूरोफन’ ने ऑटिज्म (Autism), बौद्धिक अक्षमता और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए एक विशेष सौर-ऊर्जा चालित (Solar-powered) संवेदी खिलौना बनाया है। यह खिलौना खेल-खेल में इन बच्चों के मानसिक विकास और मोटर स्किल्स को बेहतर बनाने में मदद करेगा। जूरी ने इस सामाजिक सोच की सराहना की।
दोस्त जैसे मेंटर्स और टीम की एकता
टीम ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी एकजुटता और मेंटर्स मिस्टर आकाश दुबे और मिस वैशाली साहू को दिया। छात्रों ने बताया, “हमारे मेंटर्स ने बिल्कुल दोस्तों की तरह हमारा साथ दिया, जिससे हम बिना किसी डर के अपने विचार साझा कर सके।”
टीम न्यूरोफन (Team Neurofun) के सदस्य:
सलिल तिवारी() , रितेश यादव, कृष्णकांत राय, आयुषी तिवारी, रानी जैनवार और साक्षी जैन।
कॉलेज प्रबंधन और फैकल्टी ने पूरी टीम को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी है।







