जबलपुरमध्य प्रदेश

जेडीए की योजनाओं में विकास कार्यों की रफ्तार तेज, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा लगभग 500 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही योजना क्रमांक 64 एवं 65 सहित योजना क्रमांक-11 शताब्दीपुरम एवं कोड-5/14 गजराजपुर में निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके बहुउद्देशीय भवनों तथा विभिन्न विकास कार्यों का कलेक्टर ने आज निरीक्षण किया। यह निरीक्षण 05 दिसम्बर को किया गया, जिसमें जेडीए के मुख्य कार्यालय अधिकारी दीपक कुमार वैद्य भी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने योजना क्रमांक-64 एवं 65 में प्राधिकरण की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता, नालियों, बिजलीकरण कार्य, हरित क्षेत्र, यातायात व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी ढांचों का निरीक्षण करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष-2026 तक सभी निर्माण कार्य पूरी तरह से पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने ए.आर.जी-4 एवं ए.आर.जी-3 रोड कनेक्टिविटी के माध्यम से नागपुर रोड को जोड़ने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया और इसे आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जेडीए की योजनाओं में अवरोधक बने किसी भी प्रकार के विवाद, कब्जे या अन्य अड़चनों को प्राथमिकता पर समाप्त किया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा में विकास कार्य पूरे किए जा सकें। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की सख्त हिदायत दी।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि योजना क्रमांक-64 व 65 पूर्ण होने पर लगभग 500 एकड़ में विकसित यह क्षेत्र शहर के लिए एक महत्वपूर्ण आवासीय एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में उभरेगा। बेहतर सड़कों, अधोसंरचना, पार्क एवं सामुदायिक सुविधाओं के साथ नागरिकों को यहां उच्चस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस निरीक्षण के दौरान जेडीए अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, कार्यालयीन अधिकारी संजय द्विवेदी, शैलेन्द्र चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button