जुमे की नमाज के समय जोरदार धमाके, इमारत का एक हिस्सा गिरा, 54 घायल
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता की मस्जिद में

जुमे की नमाज के समय जोरदार धमाके, इमारत का एक हिस्सा गिरा, 54 घायल
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता की मस्जिद में
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में शुक्रवार को एक मस्जिद में भीषण धमाके हुए हैं। नमाज के दौरान हुए इन धमाकों में कम से कम 54 लोग घायल हुए हैं। ये धमाके एक हाई स्कूल स्थित मस्जिद में हुए। घायलों में से ज्यादातर छात्र और शिक्षक हैं, जो जुमे की नमाज के लिए मस्जिद में जमा हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि कम से कम दो जोरदार धमाके नमाज के वक्त सुने गए। इससे मस्जिद का एक हिस्सा गिर गया और मौजूद छात्रों में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और मस्जिद के पास स्थित नौसेना परिसर के कर्मियों ने इलाके की घेराबंदी करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जकार्ता पुलिस प्रमुख असेप एडी सुहेरी के अनुसार, पुलिस टीम मौके पर है लेकिन विस्फोटों का कारण तुरंत पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि विस्फोट मस्जिद के लाउडस्पीकर के पास हुए। इसकी वजह जानने पर पुलिस काम कर रही है। पुलिस प्रमुख ने बताया कि लोगों को पास के अस्पतालों में ले जाया गया। ज्यादातर को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। 20 छात्रों को एडमिट किया गया है। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं।







