जबलपुरमध्य प्रदेश

सालीचौका रेलवे ट्रैक पर मिली जबलपुर की किशोरी की लाश

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जबलपुर यश भारत। जबलपुर के लार्डगंज थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव रविवार सुबह नरसिंहपुर जिले के सालीचौका रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव की पहचान गुमशुदा किशोरी के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा है या सुनियोजित हत्या, लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, किशोरी शनिवार शाम कोचिंग जाने की कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने लार्डगंज थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। रविवार सुबह सालीचौका पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली। शव की तस्वीर जबलपुर पुलिस और परिजनों को भेजी गई। मृतका के भाई अंकित ने फोटो के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद परिजन तत्काल मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन खबर लिखे जाने तक (11:30 बजे) वे घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके थे।

किशोरी अपनी मां के निधन के बाद श्रीनाथ की तलैया में ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिवार वालों ने संदेह जताया है कि इस घटना में एक परिचित युवक की भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। घटना के बारे में सालीचौका पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई अधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी थी। परिजनों व स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतका के शरीर की हालत से हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। पुलिस अब यह जांच में जुटी है कि किशोरी कैसे नरसिंहपुर पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button