
इंदौर के पास महू में भीषण सड़क हादसा: चार की मौत
वैन में आग लगने से दो जिंदा जले
इंदौर/ भोपाल,यशभारत। इंदौर के समीप महू में बुधवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना महू के नांदेड़ ब्रिज पर हुई, जहाँ दो कारों की भीषण टक्कर के बाद एक वाहन (वैन) में आग लग गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महू की तरफ से तेज गति से आ रही एक कार का संतुलन बिगड़ा और वह विपरीत दिशा से आ रही एक वैन से टकरा गई। वैन में गैस किट लगी हुई थी, जिसके कारण टक्कर होते ही उसमें भीषण आग लग गई।
जिंदा जले: टक्कर के बाद आग लगी वैन में फंसे दो लोग – मानपुर निवासी पवन सिंव्हल और कमले गुर्जर – बाहर नहीं निकल पाए और जिंदा जल गए। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, तब वैन से उनके अधजले शव निकाले गए।
गंभीर घायल, फिर मौत: दूसरी ओर, टक्करग्रस्त कार में सवार दो युवक – रवींद्र और उनका साथी – गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जैसे-तैसे निकालकर अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। कार के ड्राइवर सीट पर बैठे युवक की मौत मौके पर ही हो चुकी थी।
हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी। इस हादसे में दो अन्य लोगों के भी घायल होने की खबर है।
उपचार के दौरान चौथे युवक ने दम तोड़ा: बड़ा गणपति हादसा
इस बीच, शहर के बड़ा गणपति क्षेत्र में पंद्रह दिन पहले हुए एक अन्य ट्रक हादसे में घायल एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक का नाम संदीप (निवासी समर्थ ग्रीन पार्क) है। वे ऑटो रिक्शा में सवार थे, जब ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। उन्हें पैर में फ्रेक्चर हुआ था, लेकिन बाद में पूरे शरीर में संक्रमण फैलने के कारण उनकी मौत हो गई। इस ट्रक हादसे में मरने वालों की संख्या अब चार हो गई है।







