टेंट हाउस संचालक को मजदूरों ने लगाया 5 लाख का चूना

टेंट हाउस संचालक को मजदूरों ने लगाया 5 लाख का चूना
-आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयातन का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत। स्टेशन बजरिया इलाके में एक टेंट हाउस संचालक को तीन मजदूरों ने पांच लाख का चूना लगा दिया। आरोपियों ने बेटी की शादी समेत अन्य जरूरतों के लिए फरियादी से पैसा उधार लिया था, इसके बाद पैसा देने से इंकार कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसआई उमेश मिश्रा ने बताया कि राजेन्द्र नगर निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र गणेश प्रसाद श्रीवास्तव(61) टेंट हाउस संचालक हैं। उनके टेंट हाउस में झाबुआ जिले के रहने वाले राजू गढवा, जाव सिंह और हेमचंद मजदूरी करते थे। करीब एक साल पहले तीनों ने काम छोड़ दिया और वापस अपने गांव ले गए। इसके बाद भी बीच-बीच में तीनों का भोपाल आना और फरियादी से मिलना जारी रहा। इसी बीच तीनों मजदूरों ने कभी बेटी की शादी तो कभी घरेलू जरूरतों के लिए अलग-अलग समय में फरियादी से करीब पांच लाख रूपए उधार ले लिए। इस रकम को लेते वक्त तीनों ने फरियादी से कहा था कि वह उनके यहां काम करके पूरी रकम चुका देंगे। लेकिन तीनों आरोपियों ने लंबे समय पर न तो रकम लौटाई और न ही उनके पास आकर काम किया। इस बात से तंग आकर फरियादी आरोपियों के घर पहुंचा और एक अनुबंध किया। इस अनुबंध में पांच लाख रूपए चुकाने के बदले तीनों को टेंट हाउस में काम करना था, लेकिन आरोपियों ने ऐेसा नहीं किया। तंग आकर फरियादी ने थाने पहुंच कर एक लिखित शिकातय की थी, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।







