देशमध्य प्रदेश

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में दर्दनाक हादसा, कार और ट्रक की टक्कर, इंदौर के 6 लोगों की मौत

राजनांदगांव में एक कार में तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. इसमें 6 लोगों की मौत हो गई।

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-53 पर बागनदी थाना क्षेत्र के चिरचारी गांव के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस भयानक हादसे में कार सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल है. सभी युवक इंदौर से उड़ीसा धार्मिक यात्रा पर निकले थे।

तेज रफ्तार बनी मौत की वजह

जानकारी के मुताबिक, नागपुर से राजनांदगांव की ओर आ रही अर्टिगा कार में 7 लोग सवार थे. कार तेज रफ्तार में थी और अचानक ब्रेक लगने पर चालक का संतुलन बिगड़ गया। तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी युवक कार में ही बुरी तरह फंस गए।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में इंदौर निवासी आकाश मोर्या (28), गोविंद (33), अमन राठौर (26), नितिन यादव (34), संजय केसरी सेठी और उड़ीसा निवासी बिरनिल शामिल हैं. गंभीर रूप से घायल चालक सागर यादव, जिला इंदौर, को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

धार्मिक यात्रा बनी मौत का सफर

सभी युवक अच्छे दोस्त थे और इंदौर से विशेष तौर पर उड़ीसा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए निकले थे. सफर के दौरान वे राजनांदगांव जिले से गुजर रहे थे कि अचानक यह हादसा हो गया. कुछ ही पलों में खुशियों से भरी यात्रा मातम में बदल गई.

पुलिस की जांच जारी

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही, ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. हादसे की वजह तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने से गाड़ी का अनियंत्रित होना बताई जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button