एम्स के सामने रोज लगा रहा जाम, समस्या का समाधान नहीं

एम्स के सामने रोज लगा रहा जाम, समस्या का समाधान नहीं
– नगर निगम का अमला नहीं दे रहा ध्यान
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल के रहवासियों को जाम की समस्या का सामना हर रोज करना पड़ रहा है। नासूर बन चुकी इस समस्या का समाधान ना तो जिला प्रशासन खोज सका है और ना ही स्थानीय जनप्रतिनिधि । प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल एम्स के सामने जाम की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों का भी आना जाना दिन भर शहर के सडक़ों पर रहता है। बावजूद इसके इस समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। यातायात व्यवस्था बनाने के नाम पर भारी भरकम अमला सडक़ों पर उतारा गया है, लेकिन अधिकांश समय चालानी कार्रवाई में ही निकल रहा है। हालात यह है कि हर दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। शाम के समय तो हालत यह हो जाती है कि पैदल निकलने वाले लोगों के लिए भी जगह नहीं रहती है।
एम्स के सामने नहीं है पार्किंग
एम्स के सामने दिन भर यातायात का भारी दबाव रहता है। यातायात बाधित होने का सबसे बड़ा कारण पार्किंग का नहीं होना है। जगह नहीं मिलने के कारण लोग अपनी मनमर्जी से वाहन खड़ा कर देते हैं। जिसके कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। वाहनों के निकलने के लिए जगह भी नहीं रहती है। लंबे समय से चली आ रही समस्या पर जिम्मेदारों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बाजार की ओर आने वाले लोगों को मजबूरी में वाहन सडक़ किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं।
कार्रवाई में व्यस्त यातायात अमला
यातायात अमला व्यवस्था बनाने के नाम पर रोजाना वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर राजस्व वसूल कर रहा है, लेकिन जाम की समस्या से निजात नहीं दिला पा रहा है। यातायात अमला सडक़ों के किनारे खड़े हाने वाले वाहनों पर रोजाना ही कार्रवाई कर रहा है, लेकिन इसके बाद भी अवैध पार्किंग की समस्या खत्म नहीं हो पा रही है। बाजार में बैंक शाखाओं, शैक्षिक संस्थाओं व अन्य जगह पर आने वाले लोगों के लिए पार्किंग व्यवस्था पर अभी तक किसी ने ध्यान नहीं दिया है।
हर रोज हर समय कर रहे जाम का सामना
शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या आम हो गई है। हर दिन लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थिति यह है कि शहर के प्रमुख मार्गों में चलना दूभर हो गया है। बाइक तो दूर पैदल भी लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। शहर की आबादी बढऩे के बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई पहल नहीं हो पाई है।
लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों पर पार्किंग स्थल तय नहीं होने से बाजार तथा विभिन्न चौक चौराहों पर अस्त व्यस्त ढंग से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। शहर की मुख्य सडक़ों पर दुकानें भी लग रही हैं जो सबसे बड़ी मुसीबत है।
यह है अव्यवस्थित हो रहे यातायात के कारण
– शहर में जाम की समस्या एक आम समस्या है, जिसके कई कारण हैं। जनसंख्या वृद्धि, वाहनों की संख्या में वृद्धि, सडक़ों का संकरा होना, और खराब यातायात प्रबंधन इसके कुछ प्रमुख कारण हैं। जैसे-जैसे शहर की जनसंख्या और वाहनों की संख्या बढ़ी है। सडक़ों पर यातायात का दबाव भी बढ़ा हुआ है।
सडक़ों का संकरा होना
राजधानी की कई सडक़ें काफी सकरी हैं, जिनमें वाहन निकलना संभव नहीं हो पा रहा है। सकरी सडक़ों पर यातायात का दबाव बढ़ा रहता है। यातायात नियमों का सही तरीके से पालन न करना, अवैध पार्किंग, और सडक़ों पर अतिक्रमण भी जाम का कारण बनते हैं।







