रेस्टोरेंट पर खाने का ऑडर देने पहुंचे डिलेवरी बॉय पर चाकू-रॉड से हमला -आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज

रेस्टोरेंट पर खाने का ऑडर देने पहुंचे डिलेवरी बॉय पर चाकू-रॉड से हमला
-आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी और एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
शाहपुरा इलाके में जोमैटो के डिलेवरी बॉय पर कल उसके एक परिचित ठेकेदार ने चाकू व रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के वक्त वह एक रेस्टोरेंट पर खाने का ऑडर देने पहुंचा था। पुलिस ने इस मामले में घायल युवक की शिकायत पर मारपीट, धमकी देने समेत एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
थाना पुलिस के मुताबिक सांई बोर्ड कॉलोनी हबीबगंज निवासी सुरेन्द्र अहिरवार पुत्र दयाराम(28) जोमैटो में डिलेवरी बॉय का काम करता है। सुरेन्द्र ने बताया कि कल दोपहर वह रोहित नगर स्थित लालाजी स्वाद रेस्टोरेंट पर खाने का ऑडर देने पहुंचा था। जहां पर खाने में देरी होने के कारण वह रेस्टोरेंट के पास स्थित हरीश कबाड़ी की दुकान के पास चाय पीने पहुंचा। जब वह हरीश कबाड़ी से बात कर रहा था, तभी हरीश ने उसके परिचित राकेश सिंह उर्फ बबलू को फोन कर वहां बुलाया लिया। कुछ देर बाद राकेश सिंह उसके पास पहुंचा और गाली गलौच कर मारपीट करते हुए चाकू व रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान हरीश ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी राकेश सिंह ने सुरेन्द्र को जति सूचक गालियां देते हुए अपमानित किया। हमले में उसके पैर व शरीर में चोट आई है।
कई घंटे बैठाकर रखा, फिर दर्ज की एफआईआर:-
घायल सुरेन्द्र अहिरवार ने बताया कि करीब ढाई बजे हुई मारपीट की घटना के बाद वह सीधे शाहपुरा थाना शिकायत दर्ज कराने पहुंचा। जहां पर पहले तो पुलिसकर्मियों ने उसकी शिकायत लिखने में आनाकानी की और कई घंटों तक बैठाकर रखा। रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस ने किसी तरह आरोपी राकेश सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। सुरेन्द्र ने पुलिसकर्मियों पर आरोपी राकेश सिंह से मिलीभगत के भी आरोप लगाए हैं।







